--संघमित्रा सक्सेना
कोलकाता-प• बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।
टॉलीगंज स्थित संबोधि बौद्ध विहार में राज्य के प्रथम बौद्ध प्रतिमंत्री एवं कालचिनी के विधायक विशाल लामा के सम्मान में एक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अरुण ज्योति महाथे के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में अलीपुरद्वार के विधायक लक्ष्मण नींबू तथा टॉलीगंज की नवनिर्वाचित विधायक और प्रसिद्ध अभिनेत्री पापिया अधिकारी को भी सम्मान एवं शुभकामनाएं दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार किसी बौद्ध समुदाय के प्रतिनिधि को प्रतिमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ है, जो समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने टॉलीगंज से पापिया अधिकारी की उल्लेखनीय जीत को कला एवं सांस्कृतिक जगत के लिए नई दिशा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि उनकी जीत से कलाकार समुदाय में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ है।
टॉलीगंज मूड एवेन्यू स्थित बौद्ध विहार में आयोजित इस कार्यक्रम में मनोतोष बरुआ, श्रीकुमार दास, आनंद महाथे, विश्वजीत महाथे, अरविंद बरुआ, एताशा मुल हक, सुरेश अग्रवाल, मोहम्मद अफजल, उत्तम मंडल, दीपांकर बरुआ, कार्तिक स्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बौद्ध भिक्षु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर योगदान देने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10500