छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री से मिलें बीजेएमटीयूसी प्रतिनिधिमंडल



रायपुर-छत्तीसगढ़
इंडिया इनसाइड न्यूज।

●व्यवसायिक शिक्षकों की मांगों को लेकर बीजेएमटीयूसी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री से की मुलाकात

भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (बीजेएमटीयूसी) के प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र रामटेके के नेतृत्व में व्यवसायिक शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह तथा शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने व्यवसायिक शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न मांगों, कार्य परिस्थितियों और भविष्य की सुरक्षा से संबंधित विषयों को विस्तारपूर्वक जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र रामटेके ने कहा कि व्यवसायिक शिक्षक अधिक समय से अपने अधिकारों और सुविधाओं को लेकर संघर्षरत हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षकों से जुड़े मुद्दों का अध्ययन कर यथासंभव उचित समाधान निकाला जाएगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि व्यवसायिक शिक्षकों की लंबित मांगों पर जल्द ही सार्थक निर्णय लिया जाएगा। इस मुलाकात को व्यवसायिक शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10495