दीघा स्थित मंदिर की आधिकारिक पहचान 'जगन्नाथ मंदिर' के रूप में होगी



दीघा - पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।

पश्चिम बंगाल के दीघा में स्थापित प्रभु जगन्नाथ धाम मंदिर के नाम को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है। मंदिर के नाम से “धाम” शब्द हटाया जाएगा और भविष्य में इसे केवल “जगन्नाथ मंदिर” के नाम से जाना जाएगा। मन्दिर में पूजा-पाठ और सभी धार्मिक अनुष्ठान सनातन परंपराओं एवं विधि-विधान के अनुसार अन्य मन्दिरों के भाँति ही होगी। नवान्न में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्र का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ज्ञात हो कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की ओर से एक पत्र लेकर पुरी के सांसद संबित पात्रा मंगलवार को नवान्न पहुंचे थे। पत्र में मंदिर के नाम और उससे जुड़ी धार्मिक परंपराओं के संबंध में ओडिशा सरकार का पक्ष रखा गया था।

मंदिर के नाम को लेकर पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बीच पहले भी विभिन्न स्तरों पर चर्चा होती रही है। ऐसे में इस निर्णय को दोनों राज्यों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निर्णय लागू होने के बाद दीघा स्थित मंदिर की आधिकारिक पहचान "जगन्नाथ मंदिर” के रूप में होगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10476