--अभिजीत पाण्डेय
पटना - बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज।
भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नबीन को अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना है, जिनका कार्यकाल 3 वर्ष का होगा। बिहार के पूर्व मंत्री और विधायक नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के 12वें और सबसे युवा अध्यक्ष होंगे।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। चुनाव के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण के मुताबिक नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के पक्ष में 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
पांच बार के विधायक नबीन के पास इससे पहले सबसे बड़ा पद भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव का मिला था। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए नबीन ने अपनी कार्यकुशलता की छाप छोड़ी थी। इसके बाद नबीन को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए सहप्रभारी नियुक्त किया गया था। प्रचार अभियान और चुनाव प्रबंधन की रणनीति बनाने में नबीन का अहम योगदान था। इसी की बदौलत बीजेपी कांग्रेस को हरा पाने में कामयाब हो पाई थी। कहा जाता है कि इसी कामयाबी का फल पार्टी आलाकमान ने नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर दिया। बीजेपी आलाकमान के इस फैसले ने सबको चौंकाया था। बीजेपी का अध्यक्ष बनने वाले नबीन बिहार के पहले नेता हैं। वो बीजेपी के पहले कायस्थ अध्यक्ष भी होंगे।
नबीन को 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की रणनीति को मजबूत करने और चुनावी जीत की जिम्मेदारी मिली है। देश में पहली बार होने वाली जाति जनगणना और महिला आरक्षण जैसे राजनीतिक मुद्दे नबीन के सामने बड़ी चुनौतियां होंगी। सबसे बड़ी चुनौती 2029 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करना है। क्योंकि बीजेपी 2024 के चुनाव में 400 सीटों का लक्ष्य होने के बाद भी काफी पीछे रह गई थी।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10383