--राजीव रंजन नाग
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज एक शख्स ने अचानक से हमला कर दिया। इस आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है। 41 साल का आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी की मां ने बताया कि उनका बेटा डॉग लवर है और दिल्ली में आवारा कुत्तों पर एक्शन से नाराज था।
दरअसल रेखा गुप्ता आज अपने कैंप ऑफिस पर जनसुनवाई कर रही थी, तभी उन पर इस शख्स ने हमला कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीएम आवास पर बुधवार सुबह जन सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति आया, जोर से चिल्लाया, सीएम रेखा गुप्ता को थप्पड़ मार दिया और गाली-गलौज करने लगा। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ कर रही है। उधर सीएम रेखा गुप्ता को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। शुरुआत में पता चला था कि राजकोट का रहने वाला इस शख्स का कोई परिजन जेल में है। उसका मामला कोर्ट में चल रहा है और उसे ही छुड़वाने की अर्जी लेकर वह सीएम आवास आया था।
इस घटना के बाद सीएम आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर भी सीएम आवास पर पहुंचे। डीसीपी नॉर्थ जिला समेत कई अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। आरोपी की एंट्री कैसे हुई और वो सीएम रेखा गुप्ता के इतने करीब तक कैसे पहुंचा? स्टाफ से भी ये सारे सवाल पूछे जा रहे है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।
आप नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी पोस्ट कर कहा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव कहा, ‘यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?…’
ज्ञात हो कि सीएम आवास पर बुधवार सुबह से ही जन सुनवाई के लिए भारी भीड़ जमा थी, तभी यह घटना घटी। वहां मौजूद लोगों ने भी इस हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से उनके लिए मुश्किल खड़ी हो जाएंगी। वह दूर-दूर से अपनी समस्याएं लेकर सीएम आवास पहुंचे थे, लेकिन अब उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ेगा।
सूत्रों के अनुसार, जन सुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक व्यक्ति ने अचानक हाथ उठा दिया। आरोपी की उम्र लगभग 41 वर्ष बताई जा रही है और वह अपने साथ कुछ दस्तावेज लेकर आया था। शुरुआती जानकारी में आरोपी ने अपना नाम राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया बताया है। वह राजकोट का रहने वाला बता रहा है। सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने के बाद हमलावर आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी में पता चला कि आरोपी शख्स ने सीएम गुप्ता पर थप्पड़ करने से पहले उनकी तरफ पत्थर भी फेंका था, लेकिन पत्थर फेंकने वाला तथ्य गलत है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सिर में चोट आई है। दिल्ली पुलिस ने भी इस घटना को कंफर्म किया है और गृह मंत्रालय को सूचित कर दिया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि आज "जन सुनवाई" - एक जन शिकायत निवारण सत्र - के दौरान एक व्यक्ति द्वारा उन पर किया गया हमला "न केवल मुझ पर बल्कि दिल्ली और जनहित की सेवा के हमारे संकल्प पर एक कायराना हमला" था। उन्होंने कहा कि अब वह बेहतर महसूस कर रही हैं और जल्द ही काम पर वापस आ जाएँगी।
हमलावर के सटीक इरादे अभी तक ज्ञात नहीं हैं और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10258