बक्सर - बिहार
इंडिया इनसाइड न्यूज।
मंगलवार 15 जुलाई, 2025 को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर सदर अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, सचिव, प्रखंड अध्यक्ष, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बी.एल.ए. (बूथ लेवल एजेन्ट्स) उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 को सफल बनाना रहा।
अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर सदर द्वारा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियुक्त बी.एल.ओ. को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे मतदाता सूची का अद्यतन कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के संबंध में भी बैठक में विशेष चर्चा की गई। गणना प्रपत्र (फॉर्म 6, 7, 8 आदि) का अधिक से अधिक संग्रह सुनिश्चित करने हेतु राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में डीलर, जीविका दीदी, वार्ड पार्षद, टैक्स कलेक्टर एवं अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों के माध्यम से गणना प्रपत्र भरवाने एवं मतदाता जागरूकता फैलाने की रणनीति पर विचार किया गया।
बैठक के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी राजनीतिक दलों एवं बी.एल.ए. से यह अपेक्षा की गई कि वे गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध रूप से अधिक से अधिक गणना प्रपत्रों का संग्रह कर कार्यक्रम की सफलता में योगदान दें।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10214