भारत और अमेरिका का सख्‍त संदेश : पाकिस्‍तान अपनी धरती से होने वाले आतंकी हमले रोके



वॉशिंगटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की US यात्रा भारत और अमेरिका के आपसी संबंधों को और मजबूत करने में कामयाब होती दिख रही है। सोमवार को PM मोदी की अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ हुई मुलाकात में सबसे ज्यादा आतंकवाद का मुद्दा छाया रहा। दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने की प्रतिबद्धता जताते हुए पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद पर कड़े तेवर दिखाए हैं।

भारत और अमेरिका ने पाकिस्तान को सख्त संकेत देते हुए आतंकवाद पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा है। अपने साझा बयान में दोनों मुल्कों ने पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद को प्रायोजित करने के लिए न करे। दोनों देशों ने पाकिस्तान को अपनी जमीन पर सक्रिय आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा है। साथ ही, भारत पर हुए 26/11 के आतंकी हमलों और पठानकोट एयरबेस पर हुए अटैक में शामिल आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की हिदायत भी पाकिस्तान को दी गई है। आतंकवाद के अलावा दोनों ट्रंप और मोदी के बीच व्यापार, सुरक्षा, द्विपक्षीय सहयोग और अफगानिस्तान में स्थिरता कायम करने के प्रयासों पर भी बातचीत हुई।

https://www.indiainside.org/post.php?id=102