पश्‍चिम-मध्‍य और पूर्व-मध्‍य एवं दक्षिण बंगाल की खाड़ी में ‘गाजा’ तूफान की स्‍थिति : तमिलनाडु और पुद्दुचेरी तट के लिए तूफान की चेतावनी



नई दिल्ली, 13 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

गाजा तूफान पश्‍चिम-मध्‍य और पूर्व-मध्‍य एवं दक्षिण बंगाल की खाड़ी के पश्‍चिम-उत्‍तर पश्‍चिमी दिशा में बढ़ रहा है। पिछले 6 घंटे के दौरान उसकी गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा रही है। वह आज 11:30 बजे पश्‍चिम-मध्‍य और पूर्व-मध्‍य एवं दक्षिण बंगाल की खाड़ी पर मौजूद है। उसकी स्‍थिति अक्षांश 13.5 डिग्री उत्‍तर और देशांतर 86.6 डिग्री पूर्व पर है। वह चेन्‍नई से लगभग 690 किलोमीटर पूर्व-उत्‍तरपूर्व तथा नागापट्टिनम (तमिलनाडु) से लगभग 790 किलोमीटर पूर्व में स्‍थित है। आशंका है कि वह पश्‍चिम—दक्षिण पश्‍चिम दिशा में बढ़ेगा और अगले 24 घंटों में वह खतरनाक स्‍थिति में पहुंच सकता है। पश्‍चिम-दक्षिण पश्‍चिम दिशा में बढ़ते हुए 15 नवंबर को उसके धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। इसी दौरान दोपहर तक वह पम्‍बन तथा कुडालोर के बीच तमिलनाडु के तट को पार कर जाएगा।

14,15 और 16 नवंबर, 2018 के लिए तमिलनाडु में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। 14 नवंबर को तटीय तमिलनाडु और पड़ोसी जिलों में कई स्‍थानों पर भारी वर्षा होगी। इसी तरह 15 नवंबर को कुडालोर, नागपट्टिनम, तंजावुर, तूतीकोरिन आदि स्‍थानों पर भारी वर्षा होगी। 16 नवंबर को भी यही स्‍थिति रहेगी। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में 14 और 15 नवंबर को छिटपुट स्‍थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। रायलसीमा में 15 नवंबर, 2018 को कई स्‍थानों पर भारी वर्षा होगी। केरल में 15 और 16 नवंबर को कई स्‍थानों पर भारी और छिटपुट स्‍थानों पर अत्‍यंत वर्षा होगी।

पश्‍चिम-मध्‍य और पूर्व-मध्‍य एवं दक्षिण बंगाल की खाड़ी में 70-80 किलोमीटर प्रतिघंटा के रफ्तार से आंधी चलेगी, जिसकी रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 14 नवंबर, 2018 से दक्षिण-पश्‍चिम एवं पड़ोस के पश्‍चिम-मध्‍य एंव दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में आंधी की गति 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है, जो बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। 14 नवंबर को आंध्र प्रदेश में चलने वाली आंधी की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा और तमिलनाडु तथा पुद्दुचेरी के तटों पर 15 नवंबर को इसकी रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर तक रहेगी, जो बढ़कर 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। तमिलनाडु के अंदरूनी इलाकों, तटीय केरल, दक्षिण-पूर्व अरब सागर, मन्‍नार की खाड़ी और पाक स्‍ट्रेट में 16 नवंबर को तेज हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।

आशंका है कि तमिलनाडु के नागपट्टिनम, तंजावुर, पुदुक्कोटई और रामनाथपुरम जिलों तथा पुद्दुचेरी के कराइकल जिले के निचले इलाकों में ज्‍वार आने की संभावना है। इसके कारण झोपड़ियों, फूस के घरों और छतों को नुकसान पहुंच सकता है। तेज हवा के कारण घर की छतें और छतों पर लगाई जाने वाली इस्‍पात की चादरें उड़ सकती हैं। कच्‍ची सड़कों को भारी और पक्‍की सड़कों को मामूली नुकसान हो सकता है। तेज हवा के कारण पेड़ों के शाखें टूट सकती हैं और सड़कों के किनारे लगे पेड़ उखड़ सकते हैं। धान, केले, पपीते के पेड़ों और बागों को नुकसान पहुंच सकता है।

● चेतावनी दी जाती है कि 15 नवंबर को तमिलनाडु एवं पुद्दुचेरी तथा पड़ोसी दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर मछली पकड़ने की गतिविधियां रोक दी जाएं। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि 13 नवंबर को वे दक्षिण एवं मध्‍य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाएं। मछुआरों को 15 नवंबर को दक्षिण–पश्‍चिम एवं पड़ोसी पश्‍चिम-मध्‍य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी जाती है। जो मछुआरे इस समय गहरे समुद्र में हैं उन्‍हें तटों पर वापस लौटने की सलाह दी जाती है। उसी तरह तट के निकट झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर जाने की सलाह दी जाती है। प्रभावित क्षेत्रों के अन्‍य लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News